यमुनोत्री के पास खाई में गिरी बस, 25 यात्रियों की मौत, 3 घायल
उत्तराखंड . उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर डामटा के पास एक मिनी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें 25 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय पुलिस के मुताबिक डामटा से तकरीबन 2 किलोमीटिर नौगांव की तरफ ये हादसा हुआ। बस में सवार सभी यात्री मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के रहनेवाले थे, जो यमुनोत्री के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। 28 यात्रियों से भी भरी ये बस करीब 400 फीट गहरी खाई में गिर गई थी। प्रशासन ने 5 लोगों को बचाया, लेकिन दो की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 3 की हालत गंभीर है। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई, लेकिन ज्यादातर यात्रियों को बचाया नहीं जा सका।
मिली जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के तीर्थ यात्रियों की बस हरिद्वार से सुबह 10:00 बजे चली थी। लेकिन यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर डामटा और बर्नीगाड के बीच दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ये कुमाऊं मंडल की गाड़ी है, जो यातायात पर्यटन एवं विकास सहकारी संघ लिमिटेड कंपनी की ओर से हरिद्वार भेजी गई थी। बस में 28 लोग सवार थे। इस बस को एआरटीओ ऋषिकेश कार्यालय की ओर से 15 मई से 15 नवंबर तक का ग्रीन कार्ड जारी किया गया है। गृहमंत्री अमित शाह ने घटना के बारे में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बातचीत की और बचाव कार्यों का जायजा लिया।
उत्तराखंड में हुई बस दुर्घटना का संज्ञान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिया। उन्होंने घटना पर अपना दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर चर्चा कर घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और उनके समुचित इलाज की व्यवस्था के लिए कहा है।